Patna Coaching Clash: खान सर की कोचिंग ‘ग्लोबल स्टडीज’ पर पथराव और हमला; ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद गिरफ्तार

पटना: बिहार की राजधानी पटना के कोचिंग हब से एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। पटना में मंगलवार रात मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग ‘ग्लोबल स्टडीज’ (Khan Sir Global Studies Patna) पर कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला बोल दिया। इस हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग कोचिंग के सिक्योरिटी गार्ड को बेरहमी से पीटते, ईंट-पत्थर चलाते और बाहर लगे पोस्टर फाड़ते साफ नजर आ रहे हैं। इस बड़ी वारदात के बाद पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।

ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत 3 गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना की ही एक अन्य प्रसिद्ध कोचिंग ‘ज्ञान बिंदु’ के डायरेक्टर रोशन आनंद (Gyan Bindu Coaching Director Roshan Anand) और उनके दो सहयोगियों—अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन (Town DSP Rajesh Ranjan) ने भास्कर से बातचीत में इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है। खान सर ने सीधे तौर पर ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर और उनके कर्मचारियों पर इस हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस तीनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी चल रही है।

घायल गार्ड PMCH में भर्ती, गोलीबारी के दावे पर पलटे खान सर

हमले के बाद मीडिया से बात करते हुए खान सर बेहद तनाव में नजर आए। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने उनके सिक्योरिटी गार्ड का सिर फोड़ दिया है, जिसे नाजुक हालत में पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (PMCH Patna) में भर्ती कराया गया है।

फायरिंग के दावे पर सस्पेंस: शुरुआत में खान सर ने मौके पर 8 से 10 राउंड गोली चलने (firing near coaching) का बड़ा दावा किया था। हालांकि, बाद में वे अपने इस बयान से पलट गए। उन्होंने सफाई देते हुए कहा, “उस वक्त माहौल इतना डरावना और तनावपूर्ण था कि मुझे कुछ समझ नहीं आया।” पुलिस ने भी मौके पर किसी भी तरह की फायरिंग से साफ इनकार किया है और खान सर की तरफ से दर्ज एफआईआर (FIR) में भी गोलीबारी का कोई जिक्र नहीं है।

सड़क पर उतरे छात्र, खान सर बोले- ‘आज पढ़ाई नहीं हो पाएगी’

इस हमले के विरोध में बुधवार को खान सर का कोचिंग सेंटर पूरी तरह बंद (Khan Sir Coaching closed) रखा गया है। घटना से नाराज हजारों छात्र सुबह ही सड़कों पर उतर आए और जमकर प्रदर्शन किया। खान सर ने खुद छात्रों के बीच पहुंचकर उनसे सड़क खाली करने की अपील की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “हम यहाँ गरीब बच्चों को पढ़ाने के लिए बैठे हैं, मारपीट करने के लिए नहीं। हमारी पहली प्राथमिकता घायल गार्ड की जान बचाना है। आज पढ़ाई नहीं हो पाएगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि कम फीस में गरीब बच्चों को पढ़ाने के कारण कुछ प्रतियोगी कोचिंग वाले उनसे रंजिश रख रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *