भोपाल। मध्य प्रदेश की सियासत में इन दिनों दतिया उपचुनाव को लेकर सरगर्मी काफी तेज है। इसी बीच दतिया से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने राजनीतिक जानकारों के बीच चर्चा छेड़ दी है। पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा अपनी सभा के दौरान मंच पर भावुक हो गए। उनकी आंखों में आंसू देख वहां मौजूद अन्य नेता भी हैरान रह गए।
भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा
बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन के बाद नरोत्तम मिश्रा एक सभा को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन के दौरान वे दतिया क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का जिक्र कर रहे थे। इसी बीच अचानक उनका गला रुंध गया और वे भावुक हो गए। उन्होंने मंच से कहा कि वे आशुतोष तिवारी को जिताने के लिए हर गांव और हर दरवाजे तक जाएंगे। वे अपना शीश झुकाने को तैयार हैं। यह कहते ही उनकी आंखों में आंसू छलक आए और वे कुछ देर के लिए चुप होकर अपनी कुर्सी पर बैठ गए।

नेताओं ने संभाला मंच
नरोत्तम मिश्रा को भावुक होते देख मंच पर मौजूद अन्य नेताओं ने उन्हें संभाला। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वहां मौजूद थे। नेताओं ने उन्हें ढांढस बंधाया। मंच पर हुए इस दृश्य को लेकर अब तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

वीडियो पर छिड़ी बहस
सोशल मीडिया पर नरोत्तम मिश्रा का यह वीडियो काफी शेयर किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग इस पर जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे पूर्व मंत्री की अपने क्षेत्र के प्रति भावुकता बता रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग इसे टिकट न मिलने के दर्द से जोड़कर देख रहे हैं। विपक्षी दलों के नेता और सोशल मीडिया यूजर्स इसे लेकर चुटकी ले रहे हैं। लोग इस वीडियो पर तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं।