राजेश राज गुप्ता
सूरजपुर जिले के बसदेई क्षेत्र में जमीन के एक पुराने विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया है। ग्राम बांसापारा में खेत जोतने गई एक महिला को तलवार के दम पर धमकाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति हाथ में तलवार लेकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए दिखाई दे रहा है।

सीमांकन के बाद भी नहीं सुलझा विवाद
पीड़िता बाबी देवांगन ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि विवादित जमीन उनके बेटे दीपक देवांगन के नाम पर है। 15 जून 2026 को राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में इस जमीन का सीमांकन यानी सरकारी तौर पर पैमाइश करवाई गई थी। बावजूद इसके, उनके चाचा ससुर लक्ष्मण देवांगन जमीन पर अपना हक जताते हुए वहां खेती करने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
तलवार लहराते हुए दी धमकी
महिला का आरोप है कि 9 जुलाई को जब वह अपने बच्चों के साथ खेत में काम करने पहुंची, तो आरोपी अपनी पत्नी के साथ वहां आया। आरोपी ने तलवार लहराते हुए महिला को धमकाया और जमीन खाली करने को कहा। इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब पुलिस के लिए सबूत बना हुआ है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
बसदेई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में इस घटना के बाद से काफी चर्चा और तनाव का माहौल है।