मानसून सुस्त, गर्मी का सितम जारी: छत्तीसगढ़ में हीट वेव का अलर्ट, 5 दिन बदला रहेगा मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। आमतौर पर इस समय बारिश की गतिविधियां तेज होनी चाहिए थीं, लेकिन प्रदेश के कई इलाकों में अब भी गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक मौसम के बदले हुए मिजाज की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मध्य क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलने और हीट वेव जैसी स्थिति बनने की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में फिलहाल कोई मजबूत सिस्टम सक्रिय नहीं है। यही वजह है कि मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है। जून के बीते 21 दिनों में प्रदेश में केवल 32.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। किसी भी जिले में अब तक सामान्य वर्षा का आंकड़ा पूरा नहीं हो सका है।

बस्तर तक नहीं पहुंच पाया मानसून

पिछले वर्ष 21 जून तक मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो गया था। इस बार स्थिति अलग है। मानसून अभी तक बस्तर संभाग के कई हिस्सों तक भी पूरी तरह नहीं पहुंच पाया है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 23 जून के आसपास परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं और मानसून कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है।

बिलासपुर रहा सबसे गर्म

रविवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

सोमवार के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी और गरियाबंद जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवा, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

रायपुर में आज बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *