कोरबा में संदेहास्पद मौत: अंतिम संस्कार के 6 दिन बाद कब्र से निकाला गया मजदूर का शव, पत्नी की शिकायत पर शुरू हुई जांच

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पाली विकासखंड के ग्राम नगोई में एक निर्माणधीन मकान की छत ढलाई के दौरान युवक नवीन कुमार पोर्ते (28 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों को सामान्य मौत की जानकारी देकर 16 जून को सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार शव को दफना दिया गया था। हालांकि, मृतक की पत्नी को जब पति की मौत करंट लगने से होने का अंदेशा हुआ, तो उन्होंने मामले में साजिश और लापरवाही का आरोप लगाते हुए 19 जून को पाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पत्नी की मांग और प्रशासन की अनुमति के बाद, दफनाने के छह दिन बाद सोमवार को अधिकारियों की मौजूदगी में शव को दोबारा कब्र से बाहर निकाला गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार सुजीत पाटले, फोरेंसिक एक्सपर्ट सत्यजीत सिंह कोसरिया और पुलिस टीम की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक जांच और शव परीक्षण के दौरान फोरेंसिक टीम को मृतक के शरीर पर बिजली के झटके (विद्युत प्रवाह) के निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि काम के दौरान उपयोग की जा रही लिफ्ट मशीन वहां से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। अब प्रशासनिक टीम निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी, खुले तारों की स्थिति और बिना पोस्टमार्टम के शव सौंपने की चिकित्सकीय प्रक्रिया की गहनता से जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है, जबकि तीन महीने पहले ही इस परिवार ने सड़क हादसे में अपने छोटे बेटे को भी खोया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *