ISI कनेक्शन के शक में गिरफ्तारी: जांजगीर पुलिस ने पंजाब के युवक को दबोचा

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अकलतरा थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने का आरोप है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान सेवक सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब के तरनतारण जिले के पट्टी क्षेत्र का निवासी है। आरोपी अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में किराए से रह रहा था।

किरायेदार सत्यापन में खुला मामला

एसपी विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर जिले में किरायेदारों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच चल रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम सत्यापन के लिए मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान सेवक सिंह की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन खंगाला गया।

जांच में पुलिस को पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के संकेत मिले। इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ शुरू की गई।

सोशल मीडिया के जरिए संपर्क का दावा

पुलिस का दावा है कि आरोपी वॉट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए विदेशी नंबरों और संदिग्ध व्यक्तियों से संपर्क में था। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि कहीं उसने संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण व्यक्तियों या अन्य जानकारियों को साझा तो नहीं किया।

मोबाइल से मिले अहम डिजिटल सबूत

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है। मोबाइल से चैट, कॉल रिकॉर्ड, वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल सामग्री मिली है। इनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा सके।

हथियार सप्लाई की आशंका की भी जांच

प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी सामने आई है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार पहुंचाने की योजना बनाई जा रही थी। हालांकि पुलिस ने कहा है कि इस संबंध में अभी जांच जारी है और सभी पहलुओं की पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही की जाएगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *