Kolkata Mayor Firhad Hakim Resigns Updates: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election 2026) में मिली करारी शिकस्त के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर मची रार अब खुलकर सामने आ गई है। पार्टी में जारी भारी अंतर्कलह और टूट के बीच एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के सबसे भरोसेमंद और करीबी माने जाने वाले वरिष्ठ टीएमसी नेता फिरहाद हकीम (Firhad Hakim) ने शुक्रवार को कोलकाता के मेयर पद से इस्तीफा दे दिया है।
दोपहर को कोलकाता नगर निगम (KMC) मुख्यालय में बुलाई गई एक आपात प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिरहाद हकीम ने खुद अपने इस्तीफे का आधिकारिक ऐलान किया।
24 घंटे में दूसरे बड़े मेयर का इस्तीफा, बिधाननगर की मेयर भी छोड़ चुकी हैं पद
पश्चिम बंगाल के शहरी विकास और सियासत के लिहाज से यह बहुत बड़ा झटका है। पिछले 24 घंटे के भीतर यह राज्य के किसी दूसरे बड़े नगर निगम के मेयर का इस्तीफा है। इनसे ठीक एक दिन पहले, गुरुवार को बिधाननगर नगर निगम की मेयर कृष्णा चक्रवर्ती (Bidhannagar Mayor Krishna Chakraborty resigns) ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। फिरहाद हकीम साल 2018 से लगातार कोलकाता के मेयर (Mayor of Kolkata) के रूप में शहर की कमान संभाल रहे थे।
इस्तीफे के बाद भावुक होते हुए हकीम ने कहा कि वे इतने सालों तक कोलकाता जैसे ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण शहर के मेयर पद की जिम्मेदारी देने के लिए अपनी पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के हमेशा आभारी रहेंगे।