बेमेतरा। देशभर के कृषि विक्रेताओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए महाराष्ट्र से शुरू हुए आंदोलन की आग अब छत्तीसगढ़ तक पहुंच गई है। भारतीय राष्ट्रीय एग्री इनपुट डीलर एसोसिएशन के आह्वान पर बेमेतरा जिला कृषि व्यापारी संघ ने 27 अप्रैल को एक दिवसीय सांकेतिक बंद रखने का फैसला लिया है। दरअसल महाराष्ट्र के व्यापारियों द्वारा घोषित अनिश्चितकालीन हड़ताल को समर्थन देने के लिए छत्तीसगढ़ के व्यापारी एकजुट हो रहे हैं।
इस दौरान जिले के सभी व्यापारी प्रतिष्ठान बंद रखकर अपनी ताकत दिखाएंगे और कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री, कृषि मंत्री शिवराज चौहान और कृषि सचिव को ज्ञापन सौंपेंगे। व्यापारियों की प्रमुख मांग कृषि व्यापार से जुड़ी जटिलताओं और समस्याओं का निराकरण करना है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए जिला अध्यक्ष सिद्दीक खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 22 अप्रैल से पूरे बेमेतरा जिले का दौरा कर व्यापारियों का समर्थन जुटाएगा। व्यापारियों का साफ कहना है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र हो सकता है।