रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में नकली भारतीय नोटों (FICN) के अंतरराष्ट्रीय काले कारोबार से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। जाली नोटों की तस्करी का मास्टरमाइंड और कुख्यात आरोपी यूनुस अंसारी नेपाल की जेल से चुपचाप जमानत पर रिहा हो गया है। इस वीआईपी अपराधी की गुपचुप रिहाई की भनक लगते ही सीमा पर तैनात भारतीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों (Intelligence Agencies Alert) के कान खड़े हो गए हैं। पूरे बॉर्डर इलाके में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मुस्तैद सुरक्षाबलों को चौबीसों घंटे विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

काठमांडू एयरपोर्ट पर 7 करोड़ के जाली नोटों के साथ हुआ था गिरफ्तार
नेपाल के बारा जिले का रहने वाला 51 वर्षीय यूनुस अंसारी सीमा पार सक्रिय नकली नोटों के सिंडिकेट (Fake Currency Network) का सबसे बड़ा मोहरा माना जाता है। साल 2019 में नेपाल पुलिस ने उसे काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Tribhuvan International Airport Kathmandu) से करीब 7 करोड़ 67 लाख 94 हजार रुपये के नकली भारतीय नोटों के साथ दबोचा था। इस मामले में काठमांडू जिला अदालत ने उसे दोषी पाते हुए 6 साल जेल और जुर्माने की सजा सुनाई थी।
जेल के गेट से दोबारा हुआ था अरेस्ट, अब ऐसे आया बाहर
सजा काटने के बाद पिछले साल मई 2025 में जब वह जेल से छूटने वाला था, तभी नेपाल पुलिस के केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो (CIB Nepal Police) ने उसे जेल के दरवाजे से ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया था। इस बार उस पर मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering Case Nepal) का केस दर्ज हुआ था। अदालत ने इस मामले में 15 लाख नेपाली रुपये की जमानत राशि मांगी थी। शुरुआत में पैसे न होने के कारण उसे वापस जेल जाना पड़ा, लेकिन अब उसने चुपके से यह रकम जमा कर दी और सुन्धारा जेल से बाहर आ गया।
नेपाल के पूर्व मंत्री का बेटा है यूनुस, टीवी चैनल में लगाया था काला धन
सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के मुताबिक, यूनुस अंसारी नेपाल के पूर्व मंत्री सलीम मियां अंसारी का बेटा है। उसका नाम पिछले दो दशकों से नकली नोटों के रैकेट में आ रहा है। वह साल 2009, 2010 और 2013 में भी लाखों रुपये के नकली भारतीय नोटों के साथ पकड़ा जा चुका है। जांच में खुलासा हुआ था कि इस अवैध धंधे से कमाए गए करोड़ों रुपयों को उसने अपने बंद हो चुके ‘नेशनल टेलीविजन’ चैनल में इन्वेस्ट किया था। उसकी पत्नी के बैंक खातों में तीन करोड़ रुपये और करीब आठ एकड़ जमीन का भी पता चला है। अब उसके जेल से बाहर आने के बाद भारत-नेपाल सीमा (Indo Nepal Border Security) पर फिर से जाली नोटों की सप्लाई बढ़ने का खतरा मंडराने लगा है।