दिलीप गुप्ता, सरायपाली:- सरायपाली नगर के साथ ही ग्रामीण व आसपास के क्षेत्रों में विगत 14 घंटों से भी अधिक समय से लगातार तेज बिजली गरजने व बारिश होने की वजह से नगर के अनेक निचली बस्तियों में पानी भरने की जानकारी आ रही है तो वहीं पदमपुर मार्ग पर स्थित ओव्हर ब्रिज के नीचे 4 फिट से अधिक पानी भर जाने से यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है । सरायपाली के आसपास नदी नालों में भी पुलो के ऊपर से तेज बहाव से पानी बहने से एक ओर सरायपाली मुख्यालय से आवागमन बाधित हो रहा है तो वहीं नदी नालों के किनारे बसे ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामों के भीतर बारिश पहुंच जाने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है । कुछ कच्चे घरों के भी गिरने की जानकारी मिल रही है ।
ज्ञातव्य हो कि नगर के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों में कल दोपहर बाद से लगातार कड़कड़ाती बिजली के साथ तेज बारिश हो रही है । जिसके चलते आसपास के सड़कों से सरायपाली का संपर्क टूट गया है । आवश्यक शिक्षा व चिकित्सकीय कार्य के लिए भी लोग अस्पतालों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं । सरायपाली से लगे ग्राम बालसी, बगैइजोर, पाटसेन्द्री, बोड़सरा , सुरंगी , कुसमिसरार स्थित नालों में नालों के ऊपर से पानी बह रहा है । वहीं नगर स्थित बड़े तालाब में पानी पूरी तरह से भरने के बाद पुल के ऊपर से साथ ही पुल के नीचे से तेज प्रवाह से पानी निकल रहा है । नगर के दुर्गा मंदिर का पूरा परिसर 3 फुट पानी से भर गया है । मंदिर तक पहुंचना भी संभव नहीं है ।
इसी तरह नगर के अंदर पोस्ट ऑफिस से बस्ती सरायपाली रोड भी पानी की वजह से पूरी तरह बंद है । एक व लगातार बरस रहे पानी के चलते पदमपुर सरसीवा, सारंगढ़ मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है । इसी तरह सिंहबहाल जलाशय भी पूरी तरह भर चुका है उलट से तेज गति से पानी सड़क तक आने से सींगबहाल से सारंगढ़ मार्ग बंद हो गया है ।यात्रियों के लिए यह बारिश मुसीबत बनकर आ गई है ।
ओव्हर ब्रिज में 4 फिट से ऊपर बह रहे तेज धार वाले पानी होने के बावजूद कुछ लोग खतरा मोल लेकर आना जाना कर रहे हैं तो वहीं नगर के अनेक लोगों के लिए यह एक उत्सुकता का विषय बन गया है । अनेक छोटे व बड़े बच्चे इन बहते पानी के अंदर घुसकर जलक्रीड़ा के रहे हैं उन्हें रोकने व टोकने वाला कोई नहीं है ।स्थानीय प्रशासन द्वारा इन किसी भी स्थानों पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं जिससे कभी भी कोई अनहोनी घटने की संभावना बनी हुई है । प्रशासन को इस ओर ध्यान दिया जाना चाहिए