सड़क की बदहाली देख सांसद ने उठाया कदम, अब टल जाएगा बड़ा खतरा

गौतम, सक्ती. छत्तीसगढ़ के सक्ती और दीपका इलाके में पिछले काफी समय से खराब पड़ी सड़क अब बनने जा रही है. जनसंपर्क के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने सांसद ज्योत्स्ना चरण दास महंत से मिलकर बायपास रोड की बदहाल स्थिति की शिकायत की थी और इसके मरम्मत की मांग उठाई थी.

ग्रामीणों की इस समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सांसद ने संबंधित विभाग के महाप्रबंधक संजय कुमार मिश्रा को लिखित पत्र भेजा था. पत्र मिलते ही प्रबंधन ने बिना किसी देरी के सिविल विभाग के अधिकारियों को इस सड़क के निर्माण और कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए. अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई के बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी की गई और अब सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है.

मिली जानकारी के अनुसार श्रमिक चौक दीपका से सिरकी मोड़ तक का यह बायपास मार्ग बेहद जर्जर हो चुका था. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण यहाँ आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती थीं, जिसमें कई लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी थी. बरसात का मौसम होने के बावजूद निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और अनुमान है कि आगामी दो महीनों के भीतर यह सड़क पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी.

सांसद प्रतिनिधि पोषक महंत ने फोन पर सांसद ज्योत्स्ना चरण दास महंत को इस कार्य के शुरू होने की पूरी जानकारी दी. इस सकारात्मक पहल पर सांसद ने महाप्रबंधक संजय कुमार मिश्रा को बधाई दी है और भविष्य में भी कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी यानी सीएसआर फंड के जरिए ऐसे जनहित के कार्य जारी रखने की उम्मीद जताई है. सड़क बन जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी.

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *