भाजपा स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने किया ध्वजारोहण, जग्गी हत्याकांड के फैसले का किया स्वागत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विधिवत ध्वजारोहण किया और उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि पार्टी की विचारधारा और संगठन की मजबूती ही इसे लगातार आगे बढ़ा रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से ही छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण संभव हुआ है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उनकी सरकार अटल जी के सपनों के अनुरूप प्रदेश के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी।

पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के हाईकोर्ट के फैसले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि “देर आए, दुरुस्त आए।” मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में अमित जोगी मुख्य आरोपी रहे हैं और न्यायालय का यह फैसला उचित है।

पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वहां की जनता में वर्तमान सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंच रहा है और महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति भी चिंताजनक है। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है और आगामी चुनावों में वहां भाजपा की सरकार बनेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *