सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के भीतर आगजनी की सात बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में किसानों की मेहनत की कमाई यानी गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। आग इतनी भीषण थी कि खेतों में कटाई कर रही दो हार्वेस्टर मशीनें भी इसकी चपेट में आ गईं और पूरी तरह स्वाहा हो गई हैं।
क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से आई आग की खबरों के बाद नगर पालिका की फायर ब्रिगेड की टीम तीन स्थानों पर पहुंच सकी, जबकि अन्य चार जगहों पर ग्रामीणों ने खुद ही मशक्कत कर आग पर काबू पाया। ग्राम चिरचिटा में जब तक दमकल की गाड़ी पहुंची, तब तक दो एकड़ से ज्यादा की फसल जल चुकी थी। वहीं, मुआर ससना में सुरेंद्र सिंह राजपूत के खेत में कटाई के दौरान हार्वेस्टर में अचानक आग लग गई, जिससे मशीन के साथ-साथ ड्रम में भरा गेहूं भी जल गया।
इसके अलावा गौरझामर, तीतर पानी, ईश्वरपुर, देगुवां और रायखेड़ा गांवों में भी आगजनी की घटनाएं हुईं। इन हादसों में किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कई जगहों पर आग को आगे बढ़ने से रोका, जिससे आसपास के खेतों की फसलें बच सकीं। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि हार्वेस्टर से निकली चिंगारी या भीषण गर्मी इसकी वजह हो सकती है।