सुपरफूड चिया सीड्स से तैयार करें 4 आसान और हेल्दी ब्रेकफास्ट, दिनभर शरीर में बनी रहेगी भरपूर एनर्जी

फाइबर और प्रोटीन से भरपूर हैं ये छोटे बीज, पर सेवन के दौरान बरतें कुछ जरूरी सावधानियां

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहतमंद रहने के लिए सही नाश्ते का चुनाव बेहद जरूरी है। यही वजह है कि स्वस्थ खानपान पसंद करने वाले लोगों के बीच चिया सीड्स तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। आकार में बेहद छोटे दिखने वाले ये बीज पोषक तत्वों का खजाना हैं। चिया सीड्स में फाइबर, प्रोटीन, ओमेगा-3 फैटी एसिड, कैल्शियम, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, आयरन और भरपूर एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। इन्हीं खूबियों के कारण इन्हें ‘सुपरफूड’ कहा जाता है।

सुबह के नाश्ते में चिया सीड्स को शामिल करना एक बेहतरीन विकल्प है, क्योंकि इसमें मौजूद फाइबर और प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं, जिससे असमय भूख नहीं लगती और शरीर को दिनभर के लिए पर्याप्त ऊर्जा मिलती है।

चिया सीड्स से मिनटों में तैयार करें ये 4 बेहतरीन ब्रेकफास्ट:

  1. चिया सीड्स पुडिंग (Chia Seeds Pudding)
    इसे बनाना बेहद आसान है। एक कटोरी दूध या दही में 2 चम्मच चिया सीड्स मिलाकर 4 से 5 घंटे या पूरी रात के लिए भिगोकर रख दें। सुबह यह गाढ़ा हो जाएगा। अब इसमें अपने पसंदीदा कटे हुए फल और थोड़े से ड्राई फ्रूट्स मिलाकर खाएं। यह फाइबर और ओमेगा-3 फैटी एसिड का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है।
  2. चिया सीड्स ओट्स (Chia Seeds Oats)
    अगर आप नाश्ते में ओट्स खाते हैं, तो इसे और पौष्टिक बना सकते हैं। पके हुए ओट्स के एक बाउल में 1 से 2 चम्मच भीगे हुए चिया सीड्स मिक्स करें। ऊपर से केला, सेब या बेरीज जैसे फल और मेवे डालें। यह पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने और शरीर को एक्टिव रखने में मदद करता है।
  3. चिया सीड्स स्मूदी (Chia Seeds Smoothie)
    एक हेल्दी ड्रिंक से दिन की शुरुआत करने के लिए दूध या दही के साथ केला, आम या अपना मनपसंद फल ब्लेंड करके स्मूदी तैयार करें। अब इसमें 1 से 2 चम्मच भीगे हुए चिया सीड्स ऊपर से मिला लें। यह प्रोटीन, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर नाश्ता है।
  4. चिया सीड्स योगर्ट बाउल (Chia Seeds Yogurt Bowl)
    एक कटोरी ताजे दही में 1 से 2 चम्मच भीगे हुए चिया सीड्स मिलाएं। इसके ऊपर मौसमी फल और ड्राई फ्रूट्स सजाकर खाएं। प्रोटीन और कैल्शियम से भरपूर यह नाश्ता आंतों (Gut Health) को स्वस्थ रखने के लिए सबसे बेस्ट माना जाता है।

सेवन के दौरान इन बातों का रखना होगा विशेष ध्यान:

चिया सीड्स का सेवन करते समय कुछ सावधानियां रखना भी जरूरी है ताकि इसके फायदे की जगह नुकसान न हो:

चिया सीड्स को कभी भी सीधे सूखा नहीं खाना चाहिए। इन्हें हमेशा पर्याप्त पानी, दूध या किसी तरल पदार्थ में अच्छी तरह भिगोकर ही खाएं।

अगर आप पहली बार इसे डाइट में शामिल कर रहे हैं, तो शुरुआत आधी या एक चम्मच जैसी कम मात्रा से करें और धीरे-धीरे मात्रा बढ़ाएं।

इसमें फाइबर बहुत ज्यादा होता है, इसलिए इसका सेवन करने के बाद पूरे दिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। जरूरत से ज्यादा खाने पर गैस या पेट फूलने जैसी पाचन संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं।

इन लोगों को खाने से पहले लेनी चाहिए डॉक्टर की सलाह:

कुछ खास स्वास्थ्य स्थितियों में चिया सीड्स का सेवन बिना डॉक्टरी परामर्श के नहीं करना चाहिए:

जिन लोगों को किसी भी तरह के बीजों (Seeds) से एलर्जी की समस्या है।

जो लोग ब्लड थिनर (खून पतला करने की दवा) ले रहे हैं या जिनका ब्लड प्रेशर लो (Low BP) रहता है।

गंभीर रूप से पाचन तंत्र की बीमारियों से पीड़ित मरीज।

प्रेग्नेंट और ब्रेस्ट फीडिंग (स्तनपान कराने वाली) कराने वाली महिलाओं को भी इसे अपनी डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *