तमिलनाडु में नई सरकार का बड़ा कदम: मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने बांटे मंत्रियों को विभाग, खुद के पास रखी गृह और पुलिस की कमान

चेन्नई। तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार ने अपनी कैबिनेट के मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। राजभवन की तरफ से जारी की गई आधिकारिक लिस्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री विजय ने गृह, पुलिस और लोक प्रशासन जैसे सबसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखे हैं। इसके अलावा 10 अन्य मंत्रियों को उनके विभागों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। राज्य की सियासत में ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) सरकार का यह पहला और सबसे बड़ा प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।

इस नई कैबिनेट में मुख्यमंत्री विजय ने गृह और पुलिस के साथ-साथ महिला कल्याण और युवा विकास विभाग की जिम्मेदारी भी अपने पास रखी है। उन्होंने खेल विकास को एक अलग और स्वतंत्र मंत्रालय बनाया है, जो पिछली डीएमके सरकार के ढर्रे से बिल्कुल अलग है। मंत्रियों की लिस्ट में आधव अर्जुन को लोक निर्माण विभाग (PWD) और खेल विकास मंत्रालय की कमान सौंपी गई है। वरिष्ठ नेता के.ए. सेंगोत्तैयान को राज्य का नया वित्त मंत्री बनाया गया है, जबकि के.जी. अरुणराज को स्वास्थ्य मंत्रालय का जिम्मा मिला है।

कैबिनेट के अन्य मंत्रियों की बात करें तो एन. आनंद को ग्रामीण विकास, CTR निर्मल कुमार को ऊर्जा संसाधन और कानून मंत्रालय, और राजमोहन को स्कूली शिक्षा, सूचना-प्रचार व तमिल विकास विभाग दिया गया है। इसके अलावा एस. कीर्तना को उद्योग, पी. वेंकटरमण को खाद्य और नागरिक आपूर्ति और टी.के. प्रभु को प्राकृतिक संसाधन मंत्री नियुक्त किया गया है।

आपको बता दें कि अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके का गठन महज दो साल पहले ही हुआ था। इस बार के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं और डीएमके व एआईएडीएमके के दशकों पुराने एकाधिकार को खत्म कर दिया। इसके बाद बुधवार को विधानसभा में विपक्षी दल डीएमके के वॉकआउट के बीच विजय सरकार ने 144 वोट हासिल कर आसानी से बहुमत साबित कर दिया था। विपक्ष ने हालांकि सरकार पर विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप भी लगाए, जिसे मुख्यमंत्री विजय ने सिरे से खारिज कर दिया। विभागों के इस बंटवारे के बाद अब राज्य में नई सरकार के काम में तेजी आने की उम्मीद है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *