जगदलपुर। बस्तर क्षेत्र में वर्ष 2025 सुरक्षा बलों के लिए उल्लेखनीय सफलता लेकर आया। पूरे वर्ष में कुल 100 मुठभेड़ हुईं, जिनमें 256 माओवादी मारे गए। इस दौरान 898 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 1573 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर पुनर्वास नीति को अपनाया।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने पत्रवार्ता में वर्षभर की नक्सल विरोधी कार्रवाइयों के आंकड़े जारी किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में सुरक्षाबलों ने 677 हथियार बरामद किए और 894 आईईडी खोजकर निष्क्रिय किए, जिससे कई बड़ी घटनाओं को रोका जा सका।
हालांकि, इस संघर्ष में सुरक्षा बलों को नुकसान भी उठाना पड़ा। वर्ष 2025 में बस्तर क्षेत्र में 23 जवान शहीद हुए, जबकि माओवादी हिंसा में 46 आम नागरिकों की जान गई। आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि सुरक्षा बलों का फोकस केवल ऑपरेशन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पुनर्वास और मुख्यधारा में वापसी को भी प्राथमिकता दी गई। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2026 में बस्तर को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए नक्सल विरोधी अभियान और तेज किए जाएंगे।