उपमुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर ठेकेदार को नोटिस, काम में देरी पर भड़के

रायपुर, 12 जून 2026। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अरुण साव ने 6 जून को बस्तर प्रवास के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशलूर-जगदलपुर मार्ग में बन रहे फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज का औचक निरीक्षण किया था। मौके पर काम की कछुआ चाल और लेट-लतीफी देखकर उन्होंने ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी।

अनुबंध के मुताबिक काम पूरा न होने पर उपमुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए थे। बता दें कि बस्तर जिले के केशलूर के पास किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे लाइन पर करीब 69 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से इस ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है।

लोक निर्माण विभाग (NH) के मुख्य अभियंता ने निर्माण एजेंसी मेसर्स अशोक कुमार मित्तल को नोटिस थमाते हुए कहा है कि पूरी साइट उपलब्ध होने के बाद भी मैन-पॉवर, मटेरियल और मशीनों की कमी के कारण काम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है। विभाग ने साफ किया कि बार-बार चेतावनी और समीक्षा के बावजूद काम की रफ्तार बेहद असंतोषजनक है। नोटिस में ठेकेदार को तुरंत पर्याप्त संसाधन जुटाकर प्रोजेक्ट में तेजी लाने की चेतावनी दी गई है। अगर तय समय में काम की प्रगति में सुधार नहीं हुआ, तो अनुबंध की शर्तों के तहत ठेकेदार के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *