Basic Education Department Online Meeting Rules : उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक कामकाज और जवाबदेही को और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से ऑनलाइन समीक्षा बैठकों को लेकर नए और कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अब निदेशालय स्तर पर होने वाली इन बैठकों में अधिकारियों की गैरहाजरी पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी और उनकी उपस्थिति को अनिवार्य कर दिया गया है।
अधिकारियों की बैठक से अनुपस्थिति पर सख्ती
शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कई बार देखने में आया था कि ऑनलाइन बैठकों के दौरान जिलों के जिम्मेदार अधिकारी या तो खुद शामिल नहीं होते थे या फिर बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहते थे। इस लापराही को विभाग ने बेहद गंभीरता से लिया है। अब नए नियमों के तहत हर बैठक में मंडल स्तर से सहायक शिक्षा निदेशक और जिला स्तर से बेसिक शिक्षा अधिकारी का उपस्थित रहना अनिवार्य कर दिया गया है।
ई-मेल आईडी और लॉगिन को लेकर नया नियम
प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी अधिकारी केवल अपनी आधिकारिक ई-मेल आईडी के जरिए ही बैठक से जुड़ेंगे। यदि किसी खास वजह से मुख्य अधिकारी बैठक में नहीं आ सकते हैं, तो उन्हें अपने किसी वरिष्ठ अधीनस्थ अधिकारी को अधिकृत करना होगा। इसके अलावा एक ही जिले से अलग-अलग लॉगिन से जुड़ने पर रोक लगा दी गई है, ताकि समीक्षा प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।
