दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्थित प्रसिद्ध पंडोखर धाम में शुक्रवार देर रात भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया। हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ के अचानक बेकाबू होने पर स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। आरोप है कि पंडोखर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया जिसमें महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। इस कार्रवाई में कई महिलाओं को चोटें आई हैं जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं और दर्शकों में पुलिस के प्रति भारी गुस्सा व्याप्त है।
दतिया से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर जैसे-तैसे हालात पर काबू पाया गया लेकिन स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी पर अनावश्यक रूप से लाठियां चलाने का गंभीर आरोप लगाया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस का व्यवहार अमानवीय था और शांतिपूर्ण कार्यक्रम को लाठीचार्ज के जरिए रणक्षेत्र में तब्दील कर दिया गया। आक्रोशित जनता अब दोषी थाना प्रभारी को तत्काल पद से हटाने की मांग कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और शासन-प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
