बीटकॉईन में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 7.50 लाख की ठगी, रायपुर से आरोपी गिरफ्तार

रमेश गुप्ता, दुर्ग। बीटकॉईन में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर महिला से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को रायपुर से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया देवकी सोनकर, निवासी शिक्षक नगर मिनी स्टेडियम के पास दुर्ग ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी पीलादास मानिकपुरी ने उसे बीटकॉईन में निवेश करने पर हर महीने 12 से 13 प्रतिशत लाभ दिलाने का लालच दिया था। आरोपी ने अलग-अलग समय में नगद और यूपीआई के माध्यम से कुल 7 लाख 50 हजार रुपये हासिल किए।

शुरुआत में आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए कुछ रकम वापस भी की, लेकिन बाद में बाकी रकम लौटाने से बचने लगा और प्रार्थिया से संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया।

शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

महिला की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी पीलादास मानिकपुरी उम्र 48 वर्ष की पहचान की और उसे चंगोराभाठा बिजली ऑफिस के पास, थाना डी.डी. नगर रायपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना या क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिकता और विश्वसनीयता की पूरी जांच करें। अधिक मुनाफे का लालच देने वाले लोगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *