रायपुर 3D फैक्ट्री ब्लास्ट अपडेट; मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्लांट सील, परिजनों को 30-30 लाख का मुआवजा

रायपुर (विप्लव लांजेवार)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ स्थित ‘थ्री डी’ (3D) फैक्ट्री में हुए एक भीषण विस्फोट में तीन श्रमिकों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि कुछ अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया है।

कैसे हुआ हादसा?

शुरुआती जांच के मुताबिक, उरला की इस फैक्ट्री में फेरो अलॉय (Ferro Alloys) बनाने का काम किया जाता था। मंगलवार शाम करीब 6 बजे फैक्ट्री के फेरो एलॉयज डिवीजन में काम चल रहा था। इसी दौरान फर्नेस (भट्टी) में लांसिंग प्रक्रिया के समय अचानक ऑक्सीजन सिलेंडर में एक जोरदार धमाका हुआ, जिसने पूरी फैक्ट्री को हिलाकर रख दिया।

मुख्यमंत्री साय और उद्योग मंत्री ने जताया दुख, दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

इस संवेदनशील हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में कहा:

“हादसे की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित फैक्ट्री को पूरी तरह सील (बंद) कर दिया गया है। मृतकों के आश्रितों को उचित सहायता राशि पहुंचाई जा रही है। भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए सभी उद्योगों में सुरक्षा मानकों की कड़ाई से जांच की जाएगी।”

वहीं, राज्य के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट में जो भी प्रबंधन या अधिकारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आर्थिक सहायता और मुआवजा

प्रशासन और उद्योग मंत्री के हस्तक्षेप के बाद कारखाना प्रबंधन ने प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की है। हादसे का शिकार हुए तीनों मृत मजदूरों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था भी की जा रही है।

प्रशासन अब इस बात की बारीकी से पड़ताल कर रहा है कि क्या फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *