भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विजयपुर विधानसभा मामले और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा पर खरीद-फरोख्त की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का लोकतंत्र विरोधी और दलित-आदिवासी विरोधी चेहरा जनता के सामने आ गया है। पटवारी ने विधानसभा में आदिवासी नेता के अपमान का मुद्दा उठाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
मुकेश मल्होत्रा मामले में पटवारी ने कहा कि जिस तरह से हार-जीत का निर्णय हुआ है, वह आश्चर्यजनक है। उन्होंने न्यायालय के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि इस फैसले से लोगों के मन में प्रश्न चिन्ह खड़ा हुआ है। कांग्रेस इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी, जहां वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तंखा और उनकी टीम पक्ष रखेगी। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि भाजपा में दम है, तो विधायक निर्मला सप्रे के क्षेत्र में दोबारा चुनाव कराकर दिखाए।
किसान और अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर घेरते हुए पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है। उन्होंने बढ़ती गैस कीमतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार नीति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया। पटवारी ने कहा कि राज्य सरकार कर्ज लेने के मामले में पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ रही है, लेकिन लाड़ली बहनों को तीन हजार रुपये देने का वादा अभी तक पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने प्रदेश में शिक्षा के गिरते स्तर और विश्वविद्यालयों में धांधली का भी आरोप लगाया।