
सरगुजा। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को दूरदराज के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस दिशा में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर, सरगुजा से पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को हर किसी तक पहुँचाना है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां स्थायी स्वास्थ्य केंद्र नहीं हैं। इस पहल के माध्यम से समय पर जांच, निदान और उपचार सुनिश्चित होगा। यूनिट्स में बुखार, खांसी, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, एनीमिया जैसी सामान्य बीमारियों की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
साथ ही, जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। मंत्री ने कहा कि यह योजना विशेष रूप से सरगुजा जिले के दूरस्थ और कठिन सुलभ गांवों के लिए वरदान साबित होगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट विभिन्न ब्लॉकों में घूम-घूमकर सेवाएं प्रदान करेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और लोगों को अस्पताल जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
शुभारंभ समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। यह पहल छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है और इसे ग्रामीण स्वास्थ्य सुधार के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।