जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के सिंहपोरा इलाके में रविवार को सुरक्षाबलों और पाकिस्तान समर्थित आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। भारी गोलीबारी में 8 जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों को घेर लिया गया है। रविवार को चतरू बेल्ट के मंदराल-सिंहपोरा के पास सोनार गांव में शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन रात में खड़ी ढलानों और घनी हरियाली के कारण सीमित दृश्यता के चलते रोक दिया गया था।
सोमवार सुबह पहली रोशनी के साथ सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कई टीमें, ड्रोन और स्निफर कुत्तों की मदद से ऑपरेशन फिर से शुरू किया गया। इलाके में सख्त घेराबंदी की गई है ताकि आतंकवादी भाग न सकें।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े दो से तीन आतंकवादियों का एक समूह इस इलाके में फंसा हुआ माना जा रहा है। आखिरी रिपोर्ट तक ऑपरेशन जारी था और आतंकवादियों के साथ कोई नया संपर्क नहीं हुआ है।