उज्जैन। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर आज भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। वे बल्लेबाजी कोच शीतांशु कोटक के साथ विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे और भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। गंभीर ने ब्रह्म मुहूर्त में होने वाली विशेष भस्म आरती में हिस्सा लिया और नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक बाबा महाकाल का ध्यान लगाया। इस दौरान उन्होंने चांदी द्वार से विधि-विधान से पूजन-अर्चन और जलाभिषेक भी किया।
मंदिर प्रबंधन की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने गौतम गंभीर का स्वागत किया और उन्हें बाबा का प्रसाद व स्मृति चिन्ह भेंट किया। दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए गंभीर ने कहा कि बाबा के बुलावे पर ही उन्हें यहां आने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि दर्शन बहुत शांतिपूर्ण रहे और उन्हें विश्वास है कि वे जल्द ही दोबारा यहां आएंगे।
उल्लेखनीय है कि टीम इंडिया वर्तमान में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज खेल रही है। राजकोट में मिली हार के बाद अब टीम इंडिया रविवार को इंदौर में होने वाले तीसरे वनडे मुकाबले में जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। मैच से पहले कोच का यह आध्यात्मिक दौरा प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।