रायपुर। राजधानी रायपुर में 23 जनवरी को होने वाले भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। मैच की टिकट खरीदने के लिए इंडोर स्टेडियम में सुबह से भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। छात्रों और दर्शकों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) के अनुसार ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू हो चुकी है। छात्रों के लिए विशेष टिकट की बिक्री आज सुबह 10 बजे से शुरू हुई। छात्र टिकट की कीमत 800 रुपये रखी गई है और एक छात्र को केवल एक टिकट ही दी जाएगी।
इंडोर स्टेडियम में टिकट काउंटरों की विशेष व्यवस्था की गई है। ऑनलाइन टिकट खरीदने वालों के लिए फिजिकल टिकट प्राप्त करने हेतु अलग काउंटर बनाए गए हैं। गुरुवार शाम पहले चरण की बिक्री में करीब 12 हजार टिकट महज आधे घंटे में बिक गए।
दर्शकों के लिए टिकट कीमतें
- Upper 2 और Upper 4: 2000 रुपये
- Lower 2, 4, 7, 9 – Upper 1, 5, 6, 10: 2500 रुपये
- Lower 5 और Lower 6: 3000 रुपये
- Lower 10A और Lower 10B: 3500 रुपये
प्रीमियम श्रेणी
- सिल्वर (4th Floor – बुफे सहित): 7500 रुपये
- गोल्ड (2nd Floor – बुफे सहित): 10000 रुपये
- प्लैटिनम (1st Floor – बुफे सहित): 12500 रुपये
- कॉर्पोरेट बॉक्स (बुफे सहित): 25000 रुपये
सीएससीएस ने स्पष्ट किया है कि पहली पारी समाप्त होने के बाद स्टेडियम में किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। दर्शकों से समय पर पहुंचने की अपील की गई है। ओवररेटिंग और कालाबाजारी रोकने के लिए टिकट के साथ रेट लिखी टी-शर्ट दी जाएगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम में 350 से अधिक प्राइवेट बाउंसर्स और 45 क्रिकेट संघ अधिकारी तैनात रहेंगे। 13 एंट्री गेट्स पर लोहे की मजबूत रेलिंग लगाई गई है और पुलिस, प्राइवेट गार्ड्स तथा सीएससीएस स्टाफ की तिहरी निगरानी रहेगी। बाउंड्री लाइन पर भी बाउंसर्स तैनात रहेंगे।
खाने-पीने की चीजों पर कड़ी नजर रखी जाएगी ताकि दर्शकों से मनमानी कीमतें न वसूली जाएं।
प्रतिबंधित वस्तुएं
- बोतलें, लाइटर, सिगरेट, टिन, कैन
- म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट
- ज्वलनशील, जहरीले या खतरनाक पदार्थ
- मेटल कंटेनर, छतरी, नुकीली चीजें (चाकू, सिरिंज आदि)
- कैमरा, हेलमेट, पावर बैंक, सेल्फी स्टिक
- बैकपैक, सिक्के, पटाखे और हथियार
क्रिकेट प्रेमी इस रोमांचक मुकाबले को स्टेडियम में लाइव देखने के लिए उत्साहित हैं।