रायपुर। राजधानी रायपुर के यातायात में बड़े सुधार के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने समीक्षा बैठक के बाद घोषणा की है कि जून 2026 से कुम्हारी टोल प्लाजा को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। दुर्ग-आरंग बायपास के शुरू होते ही इस टोल को हटा दिया जाएगा, जिससे रायपुर और दुर्ग-भिलाई के बीच सफर करने वाले लाखों यात्रियों को रोजाना लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी।
बैठक के दौरान सांसद ने कचना ओवरब्रिज को मार्च 2026 तक पूरा करने और तेलीबांधा-जोरा ओवरब्रिज को वीआईपी रोड से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, अक्टूबर 2026 से भारतमाला एक्सप्रेस-वे की शुरुआत होने वाली है, जो रायपुर को आधुनिक कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। सहर के भीतर जाम की स्थिति को देखते हुए पंडरी, वीआईपी चौक और रिंग रोड पर नए अंडरपास और एलिवेटेड रोड बनाने की योजना पर भी मुहर लगाई गई है ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात मिल सके।