नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष की शादी से भटगांव लौट रहा था परिवार
सरगुजा/सूरजपुर
भटगांव के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष की शादी समारोह से लौट रही बहन की कार हादसे में मौत हो गई। अंबिकापुर-वाराणसी मार्ग पर सोनगरा के पास तेज रफ्तार कार सोमवार सुबह करीब 9 बजे सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में पूर्व नपं अध्यक्ष के जीजा समेत तीन बच्चे घायल है। सभी घायलों का अंबिकापुर के निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। घटना भटगांव थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, भटगांव के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सूरज गुप्ता का विवाह समारोह 20 अप्रैल को अंबिकापुर के कमोदा बिहार मैरिज हॉल में आयोजित था। उसमें शामिल होने सूरज गुप्ता की बहन चांदनी गुप्ता (32) अपने पति निरंजन गुप्ता (34) निवासी दुलदुला जशपुर अपने दो बच्चों के साथ अंबिकापुर आई थी। रात में अंबिकापुर से भटगांव जा रहे थे। निरंजन गुप्ता अपने मारुती स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक JH 01 CP 8189 से पत्नी चांदनी सहित दो बच्चों और बतौली भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता के दो बच्चों को लेकर अंबिकापुर से भटगांव के लिए रवाना हुए। सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार में उनकी कार सोनगरा के पास पेड़ से जा टकराई। तेज रफ्तार में हुए हादसे में कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने सब्बल की मदद से कार का दरवाजा खोला। निरंजन गुप्ता और चांदनी गुप्ता को बाहर निकाला। कार की पिछली सीट पर सवार तीन बच्चों को पहले ही बाहर निकाल लिया गया। एक 7 महीने की बच्ची चांदनी की गोद में थी।