रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हतनारा में गुरुवार देर रात मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ जुलूस के दौरान ताजिया अचानक 15 फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तार से टकराते ही पूरे ताजिए में तेज करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीती रात करीब साढ़े दस बजे ग्राम हतनारा में परंपरागत तरीके से ताजियों का चल समारोह निकाला जा रहा था। मेवाती मोहल्ले के पास जब कुछ लोग ताजिया उठाकर आगे बढ़ रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। करंट इतना जोरदार था कि ताजिए के आसपास चल रहे लोग झुलसकर सीधे जमीन पर गिर पड़े। अचानक मची इस भगदड़ और करंट की चपेट में आने से कुछ लोग एक-दूसरे पर गिरने के कारण भी चोटिल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया। एएसपी (शहर) राकेश पंद्रो और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में 32 वर्षीय राशिद खान और 40 वर्षीय सड्डू शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में झुलसे 15 लोगों में से अख्तियार खान (40), अनस (17), शकील (30), रईस (35), मोहम्मद खान (31), वाहिद खान (35), अरबाज खान (27), इब्राहिम (22), इरफान, फारूख (26) और रहीम (25) को रतलाम मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ अन्य घायलों का इलाज निजी अस्पतालों में भी चल रहा है। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।