क्रिकेट की दुनिया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. भारत के तूफानी बल्लेबाज आशुतोष शर्मा अब विदेश में चौके-छक्के लगाते नजर आएंगे. इंग्लैंड के मशहूर काउंटी क्लब हैम्पशर ने आगामी वन-डे कप टूर्नामेंट के लिए 27 साल के इस युवा खिलाड़ी को अपनी टीम में चुन लिया है. क्लब ने आधिकारिक तौर पर इस बात की घोषणा कर दी है.
आशुतोष शर्मा को यह बड़ा मौका मिलने के पीछे एक खास कनेक्शन है. वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हैं और इस टीम का मालिक जीएमआर ग्रुप है. इसी समूह के पास हैम्पशर क्लब की भी जिम्मेदारी है. आशुतोष ने पिछले दो आईपीएल सीजनों में अपने शानदार खेल से सभी का दिल जीता है. उन्होंने 170 के तूफानी स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. आईपीएल 2025 की नीलामी में दिल्ली की टीम ने उन्हें 3.80 करोड़ रुपए की भारी-भरकम कीमत पर खरीदा था.

आशुतोष शर्मा के नाम टी20 क्रिकेट में एक बहुत बड़ा रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने साल 2023 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान रेलवे की तरफ से खेलते हुए सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया था. यह भारत की तरफ से टी20 फॉर्मेट में सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड है, जिसे आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है.
घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश से अपना सफर शुरू करने वाले आशुतोष अब रेलवे की टीम से खेलते हैं. उन्होंने अब तक कुल 91 मैच खेले हैं और लिस्ट ए क्रिकेट में 458 रन बनाए हैं. अब फैंस यह देखने के लिए बेताब हैं कि इंग्लैंड की कठिन पिचों पर यह भारतीय खिलाड़ी विरोधी गेंदबाजों की कैसी धुलाई करता है.