ऑपरेशन अंकुश: रायगढ़-कोरबा सीमा पर जुए के 5 फड़ पर पुलिस की दबिश, 33 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार; ₹90 लाख का मशरूका जब्त

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत छाल पुलिस ने बीते रात्रि जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रायगढ़-कोरबा बॉर्डर पर स्थित ग्राम धसकामुड़ा में मेला स्थल के बाहर चल रहे जुए के 5 फड़ पर दबिश देकर 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 7 लग्जरी कारें, ₹57,140 नगदी और खुडखुडिया जुआ सामग्री समेत लगभग ₹90 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

₹90 लाख की संपत्ति और गाड़ियां जब्त

पुलिस द्वारा मौके से जब्त की गई सामग्री एवं वाहनों का ब्योरा:

  • नगद राशि: ₹57,140
  • वाहन: 1 इनोवा, 2 बोलेरो, 2 अर्टिगा, 1 KIA तथा 1 ऑल्टो कार (कुल मूल्य करीब ₹90 लाख)
  • अन्य सामग्री: 5 गैस लाइट और खुडखुडिया जुआ सामग्री

चार क्षेत्रों से पहुंचे थे जुआरी, घेराबंदी कर पकड़ा गया

पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के निवासी हैं, जो धसकामुड़ा बस्ती के छोर पर एकत्र होकर बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे थे। मुखबिर की सूचना पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

छाल पुलिस ने गिरफ्तार 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत 5 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी नासिर खान और छाल पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश

मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि रायगढ़ जिले में अवैध जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *