राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव स्थित स्पीकर हाऊस में आयोजित ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत आयोजित सूर्यसभा एवं शून्य बिजली बिल वाले हितग्राहियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और जिलेवासियों से अधिक से अधिक सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कर स्वच्छ व नि:शुल्क ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।
पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता का अभियान
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना केवल बिजली बचत का जरिया नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर ₹45 हजार, 2 किलोवाट पर ₹90 हजार तथा 3 किलोवाट क्षमता पर ₹1 लाख 8 हजार तक की सब्सिडी दी जा रही है। शेष राशि के लिए बैंकों के माध्यम से आसान वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
50% सोलर पैनल लगाने वाले वार्ड और पंचायत को मिलेंगे ₹10 लाख
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि राजनांदगांव जिले में 13 हजार 500 सोलर संयंत्र स्थापना का लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष अब तक 8 हजार 300 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और 4 हजार 117 हितग्राहियों को इसका लाभ मिल चुका है। इनमें से 1200 से अधिक उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो गया है। उन्होंने घोषणा की कि जिस नगर निगम वार्ड या ग्राम पंचायत के 50 प्रतिशत घरों में सोलर संयंत्र लग जाएंगे, उन्हें ₹10 लाख के अतिरिक्त विकास कार्यों की स्वीकृति दी जाएगी और जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा।
44 हजार मकानों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि नगर निगम, विद्युत विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से योजना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में नगर निगम क्षेत्र के लगभग 44 हजार मकानों में सोलर संयंत्र स्थापित कराने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने योजना की सराहना करते हुए इसे आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
शून्य बिजली बिल से लाखों की बचत: कलेक्टर
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पिछले आठ माह से विशेष अभियान चलाकर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्राम मुसरा की एक महिला हितग्राही का उदाहरण देते हुए बताया कि पहले उनका मासिक बिजली बिल ₹4 से ₹5 हजार आता था, जो अब शून्य हो गया है। इससे अगले 25 वर्षों में लगभग ₹15 से ₹16 लाख की बचत होगी। वर्तमान में राजनांदगांव जिला राज्य में पांचवें स्थान पर है और अगले एक वर्ष में 20 हजार सोलर कनेक्शन का लक्ष्य रखा गया है।
जनप्रतियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में पद्मश्री फूलबासन यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और योजना को जनआंदोलन बनाने की बात कही। इस अवसर पर योगेश दत्त मिश्रा, सचिन बघेल, प्रतिमा चंद्राकर, पूर्णिमा साहू, किरण साहू, देवकुमारी साहू, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, सीईओ जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम श्रीकांत कोराम सहित विद्युत विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।