मानसून ने दी राहत: रायपुर समेत कई जिलों में बारिश, 50 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आखिरकार मानसून की एंट्री के साथ मौसम ने करवट ले ली है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को अब राहत मिलने लगी है। 22 जून को प्रदेश में मानसून पहुंचने के बाद दंतेवाड़ा, बीजापुर, रायपुर और बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इसके चलते तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है।

रायपुर में फिर बरस सकते हैं बादल

राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दिनभर बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बस्तर और दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा बारिश

मानसून की पहली सक्रिय बारिश का असर दक्षिण छत्तीसगढ़ में ज्यादा देखने को मिला। जगदलपुर में 5 सेंटीमीटर और नानगुर में 2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में 3 सेंटीमीटर, जबकि कटेकल्याण और गीदम में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा हुई। बलरामपुर में भी 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून अब धीरे-धीरे पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय होगा, जिससे किसानों को खरीफ फसलों की बुवाई में भी राहत मिलेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *