तेज प्रताप का आरोप: पीए पर 20 लाख की चोरी का केस, सरकारी आवास से कैश-गहने गायब

पटना। बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय पर चोरी का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में पटना के सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। तेज प्रताप का दावा है कि उनके सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद समेत कई कीमती सामान गायब हो गए हैं।

शिकायत के अनुसार, 22 जून को जब तेज प्रताप यादव ने अपने कमरे की अलमारी की जांच की तो उन्हें नकदी और अन्य सामान गायब मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि चोरी की गई राशि पार्टी फंड की थी।

कैश के साथ गहने, लैपटॉप और मोबाइल भी गायब

पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि अलमारी से लगभग 20 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार ड्रोन, दो हार्ड डिस्क, एक iPad, एक MacBook, एक Lenovo Laptop और चार iPhone 17 Pro Max मोबाइल फोन गायब मिले हैं।

तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर इस चोरी को अंजाम देने का आरोप लगाया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना वाली रात करीब 11:30 बजे दो लोगों ने मोतीलाल राय को एक बैग के साथ आवास की बाउंड्री फांदकर बाहर निकलते हुए देखा था।

पुलिस ने शुरू की जांच

तेज प्रताप ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर तत्काल कार्रवाई, गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। सचिवालय थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *