Janjgir Champa Police Transfer List: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत और चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए पुलिस महकमे में एक बहुत बड़ा फेरबदल किया गया है। जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने व्यापक स्तर पर प्रशासनिक सर्जरी करते हुए कुल 80 प्रधान आरक्षक (Head Constables) और आरक्षकों (Constables) का एक साथ तबादला आदेश जारी कर दिया है। एसपी की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
3 साल से एक ही जगह जमे पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, इस ट्रांसफर लिस्ट में सबसे पहली प्राथमिकता उन पुलिस कर्मचारियों को दी गई है, जो पिछले 3 साल या उससे ज्यादा समय से एक ही थाने, चौकी या विंग में पैर जमाकर बैठे थे। पुलिस कप्तान का मानना है कि इस कदम से पुलिसिंग में पारदर्शिता (transparency), काम में तेजी और प्रशासनिक संतुलन बनाने में बड़ी मदद मिलेगी।
ट्रैफिक और थानों के स्टाफ की अदला-बदली, बढ़ेगा बल
इस नए आदेश में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने ट्रैफिक शाखा (Traffic Branch Janjgir) में लंबे समय से पदस्थ कर्मचारियों को हटाकर अलग-अलग थानों में फील्डिंग पर भेजा है। इससे थानों में स्टाफ की कमी दूर होगी और अपराधियों पर नकेल कसने में मदद मिलेगी। वहीं दूसरी तरफ, विभिन्न थानों और चौकियों में तैनात पुलिसकर्मियों को अब ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए यातायात शाखा में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।