अपने लक्ष्य दीवारों पर लिखें, वही आपको संकल्प याद दिलाएंगे : डॉ. रमन सिंह

राजनांदगांव, 22 मई 2026। डॉ. रमन सिंह ने आज स्पीकर हाउस राजनांदगांव में आयोजित समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 120 मेधावी विद्यार्थियों को “विद्या विभूषण सम्मान 2026” से सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये सम्मान राशि देने की घोषणा भी की।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बच्चों के चेहरे पर आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की ऊर्जा दिखाई दे रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा कि वे जीवन में क्या बनना चाहते हैं। किसी ने डॉक्टर, किसी ने इंजीनियर, तो किसी ने कलेक्टर और पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा जताई।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने जीवन का लक्ष्य घर की दीवार पर लिखें, ताकि रोज पढ़ाई करते समय वह संकल्प उन्हें याद दिलाता रहे। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत से हर सपना पूरा किया जा सकता है। दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है।

डॉ. रमन सिंह ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि जीवन में असफलता आने पर निराश नहीं होना चाहिए। असफलता ही सफलता के और करीब ले जाती है।

उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में नालंदा परिसर को राष्ट्रीय स्तर की सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को हर प्रकार की पुस्तकें और अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों को सफलता की बधाई देते हुए कहा कि यह केवल शुरुआत है। आगे प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थी अपनी पहचान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी सेवा में जाने से पहले यह समझना जरूरी है कि आप समाज और जरूरतमंदों के लिए क्या करना चाहते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया और नशे से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों से कहा कि बच्चों की तुलना न करें, बल्कि उनके मित्र बनकर उनका सहयोग करें।

इस अवसर पर समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृति में कक्षा 12वीं के प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले गजेन्द्र साहू तथा कक्षा 10वीं की मेधावी छात्रा उपमा सिन्हा को 10-10 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *