रमेश गुप्ता, भिलाई। ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ चल रही कार्रवाई में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हैदराबाद से संचालित अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क मामले में पुलिस ने भिलाई के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो सट्टा कारोबार के लिए “म्यूल अकाउंट” उपलब्ध कराने का काम कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी लोगों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और चेकबुक हासिल करता था। बाद में इन्हीं खातों का इस्तेमाल करोड़ों रुपये के अवैध ऑनलाइन लेन-देन में किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमानउद्दीन उर्फ अमन के रूप में हुई है, जो भिलाई के कैम्प-2 चटाई क्वार्टर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मोबाइल जांच में बैंक खातों, ट्रांजेक्शन और म्यूल अकाउंट से जुड़े कई अहम डिजिटल सबूत मिले हैं।
जानकारी के अनुसार 16 मई 2026 को थाना छावनी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने हैदराबाद से संचालित ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टा पैनल पर कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने लैपटॉप, नगदी, बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए थे।
पूरे मामले की जांच और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि सट्टा कारोबार में फर्जी और किराए के बैंक खातों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा था। तकनीकी जांच और कॉल डिटेल के आधार पर अमानउद्दीन की भूमिका सामने आई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी ऐसे लोगों की तलाश करता था, जिन्हें कुछ पैसों का लालच देकर उनका बैंक खाता और बैंकिंग दस्तावेज लिया जा सके। इन खातों के जरिए ऑनलाइन सट्टे की रकम ट्रांसफर की जाती थी, ताकि असली संचालकों तक पहुंचना मुश्किल हो सके।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Keywords: Bhilai News, IPL Betting Racket, Online Satta Network, Hyderabad Betting Panel, Mule Account Fraud, Durg Police Action, Cyber Crime News, Chhattisgarh Crime News