रायपुर में फल कारोबारी से बंदूक और चाकू की नोक पर लूट, परिचित निकला आरोपी

रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में देर रात लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। फल बेचकर घर लौट रहे युवक को उसके ही परिचित ने साथियों के साथ मिलकर निशाना बनाया। आरोपियों ने बंदूक और चाकू दिखाकर युवक से 36,600 रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक मौदहापारा निवासी शेख शाहिल बाम्बे मार्केट में फल का ठेला लगाता है। सोमवार रात करीब 10:20 बजे वह दिनभर की बिक्री की रकम लेकर घर लौट रहा था। तभी तालाबपार स्थित महतो गैरेज के पास फिरोज कबाड़ी गली में उसका सामना राजा बैझड़ से हुआ, जो उसके पिता का पुराना परिचित बताया जा रहा है।

राजा बैझड़ अपने तीन साथियों के साथ बाइक और एक्टिवा में वहां पहुंचा था। उसने शाहिल को रोककर अल्ताफ का घर पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। परिचित होने की वजह से शाहिल उनके साथ गली की तरफ चला गया।

इसी दौरान चारों आरोपियों ने उसे घेर लिया। एक आरोपी ने पीछे से गला पकड़ लिया जबकि बाकी ने उसके हाथ पकड़ लिए। इसके बाद आरोपियों ने बंदूक और चाकू दिखाकर उसकी जेब में रखे 36,600 रुपये छीन लिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पहले अपने परिचितों और फिर परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह मौदहापारा थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने आरोपी राजा बैझड़ और उसके तीन साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में देर रात आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *