रायपुर। राजधानी रायपुर नगर निगम को नया आयुक्त मिल गया है। 2018 बैच के आईएएस अधिकारी संबित मिश्रा अब नगर निगम की कमान संभालेंगे। वे सोमवार को पदभार ग्रहण करेंगे। प्रशासनिक हलकों में उनकी पहचान फील्ड में सक्रिय रहने वाले और तकनीक आधारित प्रशासन को बढ़ावा देने वाले अधिकारी के रूप में रही है।
संबित मिश्रा मूल रूप से भुवनेश्वर के रहने वाले हैं। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 51वीं रैंक हासिल की थी। इंजीनियरिंग की पढ़ाई उन्होंने आईआईटी कानपुर से की, जबकि पब्लिक मैनेजमेंट में मास्टर्स की डिग्री जेएनयू से प्राप्त की।
अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने नगरीय प्रशासन, पंचायत और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे रायगढ़ नगर निगम आयुक्त, जशपुर जिला पंचायत सीईओ और कोरबा जिला पंचायत सीईओ जैसे पदों पर कार्य कर चुके हैं। इन पदों पर रहते हुए उन्होंने कई सरकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग और क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई।
बीजापुर कलेक्टर के रूप में उनकी कार्यशैली सबसे ज्यादा चर्चा में रही। नक्सल प्रभावित गांवों में पहुंचकर सीधे ग्रामीणों से संवाद करना और मौके पर समस्याओं का समाधान निकालना उनकी खास पहचान बना। बांगोली जैसे दूरस्थ गांव तक पैदल पहुंचने की तस्वीरें भी उस दौरान काफी सुर्खियों में रही थीं।
अब रायपुर नगर निगम में उनके सामने शहर की सफाई व्यवस्था, जलभराव, ट्रैफिक, अवैध निर्माण, अतिक्रमण और टैक्स वसूली जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी। साथ ही स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की गति और जमीनी मॉनिटरिंग पर भी उनकी कार्यशैली की परीक्षा होगी। माना जा रहा है कि वे फील्ड विजिट और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए निगम प्रशासन में तेजी लाने पर फोकस करेंगे।