रायपुर।
राजधानी रायपुर के मोवा-पंडरी क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। पारिवारिक कलह के चलते जितेंद्र वर्मा नामक व्यक्ति ने अपनी दो सालियों पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
मृतक युवती की पहचान गीतांजलि के रूप में हुई है, जिसके माथे पर गोली लगने से उसने तुरंत दम तोड़ दिया। दूसरी घायल युवती दुर्गेश्वरी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी का अपनी पत्नी के साथ विवाद हुआ था, जिसने उग्र रूप ले लिया और उसने घर में मौजूद अपनी सालियों पर निशाना साध दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र वर्मा को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल को भी जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।