क्रूज हादसे के बाद सख्त हुआ प्रशासन: छत्तीसगढ़ में वाटर स्पोर्ट्स की सुरक्षा की होगी कड़ी जांच

रायपुर। मध्य प्रदेश में हुए हालिया क्रूज हादसे के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में चल रही सभी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा तेज कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जन सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने धमतरी, कोरबा सहित सभी जिलों के कलेक्टरों को आदेश दिया है कि वाटर स्पोर्ट्स स्थलों पर तत्काल सुरक्षा ऑडिट किया जाए और सभी जगह मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी स्थलों पर उपकरणों की नियमित तकनीकी जांच हो, प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए और आपात स्थिति से निपटने के लिए मजबूत रेस्क्यू सिस्टम तैयार रखा जाए। साथ ही लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता और कार्यशीलता पर भी जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों और संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा है, इसलिए सभी गतिविधियां पूरी तरह सुरक्षित और मानक के अनुसार होनी चाहिए। इन व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट सरकार को भेजने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *