7 साल के इशांक का कमाल: 29 KM समुद्री सफर पार कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

रांची के 7 वर्षीय नन्हे तैराक इशांक सिंह ने इतिहास रचते हुए श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुषकोड़ी तक करीब 29 किलोमीटर लंबा पाक जलडमरूमध्य पार कर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इशांक दुनिया के सबसे कम उम्र के और सबसे तेज इस चुनौतीपूर्ण समुद्री मार्ग को पार करने वाले तैराक बन गए हैं।

इशांक ने यह दूरी मात्र 9 घंटे 50 मिनट में पूरी की। इस उपलब्धि के लिए उन्हें यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम (URF) की ओर से ‘यंगेस्ट एंड फास्टेस्ट पाक स्ट्रेट स्वीमर’ का प्रमाणपत्र दिया गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के जय जसवंत के नाम था, जिन्होंने 2019 में 10 साल की उम्र में यह दूरी 10 घंटे 30 मिनट में तय की थी।

रांची के डोरंडा स्थित जवाहर विद्या मंदिर (JVM श्यामली) स्कूल में पढ़ने वाले इशांक ने इस चुनौती के लिए महीनों तक कड़ी ट्रेनिंग की। उन्होंने धुर्वा डैम में रोज 4 से 5 घंटे अभ्यास किया और कोच अमन जयसवाल व बजरंग कुमार के मार्गदर्शन में तैयारी की।

इस उपलब्धि पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची सांसद संजय सेठ ने भी इशांक को बधाई देते हुए इसे झारखंड और देश के लिए गर्व का क्षण बताया। यह कारनामा न सिर्फ इशांक के लिए बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *