गरियाबंद
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में तेंदूपत्ता तोड़ाई के दौरान जंगली भालुओं के हमले से दहशत फैल गई। सड़क पारसोली वन परिक्षेत्र के हरदी गांव में 6 भालुओं के झुंड ने ग्रामीणों पर अचानक हमला कर दिया, जिसमें 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों का एक समूह जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गया था। इसी दौरान 6 भालुओं का झुंड वहां पहुंच गया और अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन भालुओं ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर घायल कर दिया।
घायलों की हालत गंभीर
हमले में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
वन विभाग अलर्ट
घटना के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को जंगल में सावधानी से जाने की सलाह दी जा रही है।