सक्ती। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन सक्ती में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जांजगीर चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करने के साथ-साथ सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता की। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांसद, कलेक्टर, एसपी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नगरवासियों ने एकजुट होकर उत्साहपूर्वक योग किया।
योग स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने की शैली: सांसद कमलेश जांगड़े
कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से शांत तथा आत्मिक रूप से मजबूत बनाता है। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा देश योग कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने और इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

‘स्वस्थ रहिए, मस्त रहिए’ और ‘करो योग, रहो निरोग’ का मिला संदेश
इस अवसर पर कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग के माध्यम से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर स्वस्थ और प्रसन्न जीवन जी सकता है। उन्होंने नागरिकों को ‘‘स्वस्थ रहिए, मस्त रहिए’’ का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को ‘‘करो योग, रहो निरोग’’ का संदेश देते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के युवाओं सहित सभी को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक और प्रेरित करेंगे।
कैडेट्स और नागरिकों ने सीखीं योग की विभिन्न मुद्राएं
योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास कराया गया। योग सत्र में ग्रीवा चालन, स्कंद चालन, कटिआसन, घुटना संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, बज्रासन, पूर्णउस्ठासन, मंडुकासन, मकरासन, भुजंगासन, सेतु बंधासन, उत्तान पादासन, पवन मुक्तासन, शवासन, प्राणायाम, पदमासन, भ्रामरी प्राणायाम और सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया। साथ ही कपालभाति, प्राणायाम, भ्रामरी आदि का प्रशिक्षण देकर योग के मानसिक लाभों की जानकारी दी गई।
जिले के सभी विकासखंडों में दिखा भारी उत्साह
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के सभी विकासखंडों में भी सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सक्ती के सामुदायिक भवन में सांसद प्रतिनिधि संजय रामचंद्र, जिला पंचायत सभापति आशा साव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, एसडीएम सक्ती कावेरी मरकाम, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पैकरा, जिला आयुष अधिकारी डॉ. जवाहर लाल बंजारे, समाज कल्याण उप संचालक सुनील मिश्रा सहित जिला स्तरीय अधिकारी, गणमान्य नागरिक, आमजन और स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।