गंगरेल नौकायान उत्सव में महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप, 52 टीमों ने दिखाया दम

धमतरी। गंगरेल बांध में पहली बार आयोजित ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के तहत महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। 1000 मीटर की इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गति, संतुलन और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक आयोजित इस प्रतियोगिता में धमतरी, कांकेर और बालोद जिले की कुल 52 टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ओमकार साहू, महापौर रामू रोहरा और पूर्व विधायक रंजना साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस आयोजन में ग्रामीण क्षेत्रों की महिला प्रतिभागियों की भागीदारी विशेष आकर्षण रही। ग्राम तिर्रा की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक नाव के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

प्रतियोगिता में बोट क्रमांक 04 के रोमार निषाद तिरी और जीतु निषाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बोट क्रमांक 01 के सत्वंत मंडावी और मिथलेश मंडावी द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि बोट क्रमांक 10 के कोमल निषाद और महेश्वर कुरेटरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

वेशभूषा पुरस्कार बोट क्रमांक 06 की पवनबाई निषाद और देवनबती निषाद को दिया गया। वहीं, सजावट पुरस्कार बोट क्रमांक 08 के रामनारायण नेताम और रिशीराम निषाद को मिला।

विजेताओं को क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान किए गए। वेशभूषा और सजावट के लिए 11 हजार रुपये के विशेष पुरस्कार दिए गए। महिला प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप 15 हजार, 10 हजार और 5 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी घोषित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मत्स्य विभाग द्वारा आठ मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए और जल सुरक्षा के लिए वॉटर एंबुलेंस की शुरुआत भी की गई।

विधायक ओमकार साहू ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और जल पर्यटन को बढ़ावा देगा। महापौर रामू रोहरा ने इसे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से पर्यटन के साथ युवाओं में खेल और साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ेगी।

यह आयोजन धमतरी जिले में पर्यटन, संस्कृति और खेल के समन्वय का उदाहरण बनकर उभरा है और गंगरेल क्षेत्र को एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *