पटना। बिहार के दरभंगा जिले में शुक्रवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में एक युवक की तलवार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुनील सहनी के रूप में हुई है। इस मामले में बिहार पुलिस के एक दरोगा मोहम्मद मोबिन पर हत्या का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी फिलहाल पटना में तैनात है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
हत्या के बाद खुद को भी मारी गोली
पुलिस के अनुसार, युवक की हत्या के बाद आरोपी दरोगा ने खुद को गोली मार ली। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल दरभंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस जुटी जांच में
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बयान और जांच रिपोर्ट के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात किसी निजी विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।