रायपुर एयरपोर्ट पर फर्जी आधार कार्ड से हवाई यात्रा की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक युवक को फर्जी आधार कार्ड के जरिए हवाई यात्रा करने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। आरोपी दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी टिकट से रायपुर से इंदौर जाने की फिराक में था, लेकिन सतर्क सुरक्षाकर्मियों की वजह से वह पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 को रायपुर एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच चल रही थी। इस दौरान एक यात्री इंदौर जाने वाली फ्लाइट में बैठने के लिए पहुंचा। यात्री ने स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी टिकट और उसी नाम का आधार कार्ड पहचान पत्र के तौर पर पेश किया। दस्तावेजों की जांच के दौरान सुरक्षाकर्मियों को आधार कार्ड की सत्यता पर संदेह हुआ। पूछताछ और जांच में सामने आया कि आधार कार्ड पूरी तरह फर्जी था।

आरोपी ने स्नेहल राजू भाई पटेल के आधार कार्ड में अपनी फोटो लगाकर उसे कूटरचित रूप से तैयार किया था। पूछताछ में आरोपी की पहचान कुलदीप सिंघल के रूप में हुई। वह मूल रूप से इंदौर, मध्य प्रदेश का रहने वाला है।

एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि फर्जी आधार कार्ड तैयार करने में किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की भूमिका तो नहीं है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *