बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार डिलीवरी बॉय को कुचल दिया। हादसा अंबेडकर चौक के पास हुआ, जहाँ विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने युवक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद युवक के सिर के परखच्चे उड़ गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बड़का गांव निवासी विकास देवांगन के रूप में हुई है, जो वाड्रफनगर में एक डिलीवरी कंपनी में काम करता था। घटना के समय वह सामान की डिलीवरी देने महेवा की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक युवक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।