जबलपुर क्रूज हादसा: सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया गहरा दुख, पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक मदद का किया ऐलान

भोपाल। जबलपुर के बरगी डैम में गुरुवार को हुए भीषण क्रूज हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस आपदा को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमें सक्रिय हो गई थीं। मौके पर स्थिति का जायजा लेने और राहत कार्यों की निगरानी के लिए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद हैं।

बरगी डैम में चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और बचाव दल युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं ताकि बचाव कार्य में कोई कमी न रहे।

घटना के समय आए तेज आंधी-तूफान को क्रूज पलटने की मुख्य वजह माना जा रहा है। वर्तमान में जबलपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर रहकर राहत कार्यों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *