राज्य सरकार ने प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों समेत कुल 20 अफसरों को इधर से उधर किया गया है। विभाग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानांतरित अधिकारी आगामी 10 दिनों के भीतर अपने नए पदस्थापना स्थल पर अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करें। इस आदेश से कई जिलों के परिवहन समीकरण बदल गए हैं और कामकाज में नई व्यवस्था लागू की गई है।
इन चेहरों को सौंपी गई नई जिम्मेदारी
तबादला सूची में विवेक सिन्हा, अब्दुल मुजाहिद, मोहन साहू, गौरव साहू और अनिल भगत जैसे प्रभावशाली नाम शामिल हैं। इनके अलावा प्रकाश रावटे, अतुल असैय्या, योगेश भंडारी, किशनलाल माहौर, शिवभगत रावटे, आनंद शर्मा, अमित प्रकाश कश्यप, रामकुमार ध्रुव, ऋषभ नायडू, गौरव पाटले, चुन्नूलाल देवांगन, रविंद्र ठाकुर, अरविंद भगत, युगेश्वरी वर्मा और विजय निकुंज को भी नई तैनाती दी गई है। इनमें से कुछ अधिकारियों को जिलों की कमान सौंपी गई है तो कुछ को नवा रायपुर स्थित परिवहन मुख्यालय में अटैच किया गया है।
